भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम दुनिया के सबसे सफल फिनिशरों में शामिल है। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एम एस धोनी ने भारतीय टीम के लिए कई मुकाबलों में बड़ी ही आसानी के साथ फिनिशिंग की है। एक ऐसा ही कारनामा माही ने आज ही के दिन यानी 11 जुलाई, 2013 को श्रीलंकाई टीम के खिलाफ खेले गए ट्राई सीरीज़ के फाइनल मैच में किया था।

किया था ये कारनामा

भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी ने जो किया था, लोग उसे अब तक नहीं भुला पाए हैं। इस मैच में रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अपने 9 विकेट गंवा दिए थे और मैच में जीत हासिल करने के लिए उसे आख़िरी ओवर में 15 रनों की ज़रुरत थी। यहां से जीत की कल्पना करना भी मुश्किल नज़र आ रहा था।

उस वक़्त क्रीज़ पर मौजूद थे उस समय के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनके साथ नॉन स्ट्राइकर छोर पर थे ईशांत शर्मा। श्रीलंकाई टीम ने आख़िरी ओवर डालने का ज़िम्मा शमिंडा इरंगा को सौंपा था। इरंगा बल्लेबाज़ धोनी के सामने पहली गेंद डॉट कराने में कामयाब रहे। अब टीम इंडिया को बनाने थे 15 रन और गेंदें रह गई थीं मात्र पांच। इरंगा की दूसरी गेंद पर एम एस धोनी ने ज़बरदस्त छक्का जड़ दिया। इस छक्के के बाद टीम इंडिया के समर्थकों को उम्मीद की किरण दिखाई दी।

इसके बाद ओवर की तीसरी गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने चौका लगा डाला। अब टीम इंडिया को 3 गेंदों में 5 रन बनाने थे। धोनी ने ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाते हुए मैच को भारतीय टीम की झोली में डाल दिया और बन गए मैच के हीरो। इस तरह टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 1 विकेट से अपने नाम कर लिया।

As a contributing author for TimesBull, I bring a wealth of expertise and passion to every piece I write. With a background in journalism and a keen interest in a diverse array of subjects, I strive to...