दिल्ली के दक्षिणी इलाके शाहीन बाग़ में आज शाम को एक भयानक आग लग गई। ये आग इतनी विकराल थी कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए देखा गया। गनीमत की बात है कि अभी तक इस आग में किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मौके पर पहुंची 12 दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में इलाके के दो फेमस रेस्टोरेंट जलकर राख हो गए। अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि आग कैसे लगी।चूंकि ये इलाका काफी घनी आबादी वाला है और सड़कें भी संकरी हैं, इसलिए दमकल कर्मचारियों को गाड़ी को अंदर ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आपको ये भी जानना जरूरी है
आज इससे पहले नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में मूंग दाल सुखाने वाली फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में तीन कर्मचारियों की जलने से मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस के अलावा कैट्स एंबुलेंस, दमकल कर्मचारी पहुंचे। पुलिस और दमकल कर्मचारियों ने आग में फंसे सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला। करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।
आग लगने का कारण क्या था?
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फैक्ट्री का बॉयलर फट गया था, जिससे भयानक धमाका हुआ और आग लग गई। वहीं, जले हुए कर्मचारियों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान श्याम (24), राम सिंह (30) और वीरपाल (42) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान पुष्पेंद्र (26), आकाश (19), मोहित कुमार (21), मोनू (25) और लालू (32) के रूप में हुई है। इनमें से एक की हालत गंभीर है।
View this post on Instagram
फैक्ट्री मालिकों को हिरासत में लिया गया
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिक अंकित गुप्ता और विनय गुप्ता रोहिणी के सेक्टर 7 के रहने वाले हैं। फैक्ट्री में कच्ची मूंग को गैस बर्नर पर भुनाया जाता था। यहां मजदूर दो शिफ्टों में काम करते थे। मशीन फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जबकि मजदूर ऊपरी मंजिल पर रहते थे। शुक्रवार रात को रात की शिफ्ट के मजदूर काम कर रहे थे। जांच में पता चला है कि यहां एक पाइपलाइन से गैस लीक होने लगा था, जिसके चलते आग लग गई। आग में कंप्रेसर गर्म हो गया और बॉयलर फट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फैक्ट्री मालिकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मालिकों से फैक्ट्री के सभी दस्तावेजों की जानकारी मांगी है।