IND VS ENG : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है।
रोहित का ऐतिहासिक छक्का
कटक के बाराबती स्टेडियम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 304 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 305 रनों का लक्ष्य दिया। रोहित ने भारत की पारी के दूसरे ओवर में गस एटकिंसन की गेंद पर मिड विकेट की दिशा में छक्का जड़कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस छक्के के साथ ही रोहित वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गए हैं।
रोहित शर्मा के अब वनडे में 332 छक्के हो गए हैं। उन्होंने 267 मैचों की 259 पारियों में यह कारनामा किया है। वहीं, क्रिस गेल ने 301 मैचों की 294 पारियों में 331 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी हैं, जिन्होंने 398 मैचों की 369 पारियों में 351 छक्के लगाए हैं।
इंग्लैंड की पारी का रोमांच
रविंद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 35 रन देकर तीन विकेट झटके। उनकी फिरकी ने इंग्लैंड की पारी को बांधे रखा। इंग्लैंड ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन जडेजा की गेंदबाजी ने उन्हें बड़े स्कोर बनाने से रोक दिया। इंग्लैंड का स्कोर 35 ओवर में तीन विकेट पर 200 रन था। लियाम लिविंगस्टोन ने 41 और आदिल राशिद ने 14 रन बनाकर टीम को 300 के पार पहुंचाया। इंग्लैंड की पारी 49.5 ओवर में 304 रन पर सिमट गई।