मेड इन इंडिया मारुति जिम्नी 5-डोर ने जापान में मचाई धूम!

नई दिल्ली: भारत में बनी मारुति सुज़ुकी की जिम्नी 5-डोर ने अब जापान में अपने कदम रख दिए हैं। यह कार, जिसे पहली बार भारत के ऑटो एक्सपो 2023 में पेश किया गया था, अब वित्तीय वर्ष 2024-25 में मारुति सुज़ुकी का दूसरा सबसे ज्यादा निर्यात होने वाला मॉडल बन चुका है। जिम्नी को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मारुति सुज़ुकी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में तैयार किया गया है। यह कार अपने ऑफ-रोडिंग क्षमताओं के लिए दुनिया भर में मशहूर है और इसे लगभग 100 देशों में निर्यात किया जाता है। जापान में इस 4WD SUV का लॉन्च मारुति सुज़ुकी के निर्यात सफर में एक बड़ा माइलस्टोन साबित हो रहा है।

जिम्नी की ग्लोबल पहचान

जिम्नी की विरासत 50 साल से भी ज्यादा पुरानी है। सुज़ुकी ने दुनिया भर के 199 देशों और क्षेत्रों में जिम्नी की 35 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेची हैं। जापान में पहले से ही जिम्नी का 3-डोर वर्जन बिक रहा है, लेकिन कंपनी को उम्मीद है कि 5-डोर वर्जन जापानी बाजार में इसकी लोकप्रियता को और बढ़ाएगा। भारत को जिम्नी 5-डोर का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनाकर, सुज़ुकी का लक्ष्य दुनिया भर में इस ऑफ-रोडर ब्रांड की बढ़ती मांग को पूरा करना है।

मारुति सुज़ुकी के CEO ने क्या कहा?

मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, हिसाशी ताकेउची ने इस अवसर पर कहा, “जापान में ‘मेड इन इंडिया’ जिम्नी 5-डोर का लॉन्च हमारी उत्कृष्ट निर्माण क्षमता को दर्शाता है। अगस्त 2024 में फ्रोंक्स के निर्यात के बाद, यह इस वित्तीय वर्ष में जापान को निर्यात किया जाने वाला हमारा दूसरा मॉडल है। जिम्नी ने मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसे बाजारों में शानदार प्रदर्शन किया है। हमें विश्वास है कि यह जापान में भी ग्राहकों का दिल जीतने में कामयाब होगी।”

मारुति सुज़ुकी का निर्यात प्रदर्शन

मारुति सुज़ुकी, भारत की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्यातक कंपनी है। कैलेंडर वर्ष 2024 में कंपनी ने लगभग 100 देशों को 3.23 लाख से ज्यादा वाहन निर्यात किए। इस साल भारत के कुल यात्री वाहन निर्यात में मारुति सुज़ुकी की हिस्सेदारी 43.5% रही। अगस्त 2024 में कंपनी ने जापान को फ्रोंक्स का निर्यात शुरू किया था, जिसे वहां के बाजार में काफी पसंद किया गया।

क्यों खास है जिम्नी 5-डोर?

जिम्नी 5-डोर अपने मजबूत ऑफ-रोडिंग क्षमताओं और स्टाइलिश डिजाइन के लिए जानी जाती है। यह कार न सिर्फ शहरी सड़कों पर बल्कि पहाड़ी और मुश्किल इलाकों में भी बेहतरीन परफॉर्मेंस देती है। जिम्नी का 5-डोर वर्जन परिवार और एडवेंचर प्रेमियों दोनों के लिए एक आदर्श विकल्प है।

मेड इन इंडिया जिम्नी 5-डोर का जापान में लॉन्च न सिर्फ मारुति सुज़ुकी के लिए बल्कि भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए भी एक गर्व की बात है। यह कार भारत की निर्माण क्षमता और गुणवत्ता को वैश्विक स्तर पर साबित कर रही है। अगर आप भी एक स्टाइलिश और मजबूत ऑफ-रोडर SUV की तलाश में हैं, तो जिम्नी 5-डोर आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।