MS Dhoni का बड़ा रिकॉर्ड खतरे में, संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ इस मामले में रचेंगे इतिहास

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे संजू सैमसन के पास इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज में एमएस धोनी का एक अहम रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। यह पांच मैचों की सीरीज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बुधवार से शुरू हो रही है। यह सीरीज भारत के लिए आगामी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के इस फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद संजू सैमसन ने सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है। उन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम में अपनी स्थिति मजबूत की है।

धोनी, धवन और रैना का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं संजू सैमसन

टीम इंडिया इस सीरीज के जरिए नई उपलब्धियों की ओर देख रही है, वहीं संजू सैमसन के पास इस दौरान भारतीय टी20 इतिहास में खुद को और बेहतर साबित करने का मौका रहेगा। वर्तमान में धोनी के नाम 98 मैचों में 52 छक्के दर्ज हैं, जबकि संजू सैमसन ने 37 मैचों में 46 छक्के लगाए हैं। अगर संजू इस सीरीज में 13 छक्के लगा लेते हैं, तो वह धोनी (52 छक्के), शिखर धवन (50 छक्के) और सुरेश रैना (58 छक्के) को पीछे छोड़ देंगे और टॉप भारतीय टी20 बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे।

भारत के लिए टी20 में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी

भारतीय क्रिकेट में टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित शर्मा टॉप पर हैं। उन्होंने अब तक 205 छक्के जड़े हैं। आइए नजर डालते हैं अन्य बल्लेबाजों पर:

सूर्यकुमार यादव – 145 छक्के (78 मैच)

विराट कोहली – 124 छक्के (125 मैच)

केएल राहुल – 99 छक्के (72 मैच)

हार्दिक पांड्या – 88 छक्के (109 मैच)

सुरेश रैना – 58 छक्के (78 मैच)

एमएस धोनी – 52 छक्के (98 मैच)

शिखर धवन – 50 छक्के (68 मैच)

संजू सैमसन के लिए यह सीरीज क्यों अहम है?

संजू सैमसन के लिए इंग्लैंड के खिलाफ यह टी20 सीरीज सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ने का मौका नहीं है, बल्कि यह उनके करियर का सबसे बड़ा टेस्ट भी साबित हो सकता है। उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार पारियां खेली थीं और अब सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं। टीम इंडिया के फैंस को संजू से काफी उम्मीदें हैं। अगर वह इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो निश्चित रूप से वह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।