ट्रंप के आते ही ये क्या ले रहे लोग, आम जनता की बढ़ी परेशानी, जानें यहां इसके पीछे की वजह

नई दिल्ली: अमेरिका (America) में पिछले कुछ समय से अंडों की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इस महंगाई का आम लोगों की जेब पर बहुत बड़ा असर पड़ा है। बढ़ती कीमतों के कारण कई लोग अपनी डाइट से अंडे हटाने पर मजबूर हो रहे हैं। इस संकट के बीच न्यू हैम्पशायर के गोफस्टाउन में रहने वाले क्रिस्टीन और ब्रायन टेम्पलटन ने एक अनोखा उपाय निकाला है- ‘रेंट द चिकन’ सेवा। इस सेवा के तहत लोग मुर्गियां किराए पर लेकर अपने घर में ताजे अंडे रख सकते हैं। अमेरिका में अंडे की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी के पीछे कई कारण हैं। सबसे बड़ी वजह बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) का प्रकोप है, जिसके कारण लाखों मुर्गियों को मारना पड़ा।

कीमतें दोगुनी हो गई

इसके अलावा उत्पादन लागत में वृद्धि, महंगी चारा सामग्री और आपूर्ति श्रृंखला की समस्याओं ने भी इस संकट को और गहरा कर दिया है। अमेरिका के कई राज्यों में अंडों की कीमतें दोगुनी हो गई हैं, जिससे आम जनता की परेशानी बढ़ गई है। बढ़ती महंगाई को देखते हुए क्रिस्टीन और ब्रायन टेम्पलटन की ‘रेंट द चिकन’ सेवा तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इस सेवा के तहत लोग छह महीने के लिए मुर्गियां किराए पर ले सकते हैं। इस किराये की अवधि के दौरान उन्हें दो मुर्गियां, चारा और जरूरी देखभाल सहायता दी जाती है।

ताजे अंडे मिल सकते हैं

करीब 600 अमेरिकी डॉलर (करीब 47,688 रुपये) में किराए पर ली गई दो मुर्गियां हर हफ्ते करीब एक दर्जन अंडे देती हैं। इससे लोगों को बाजार से महंगे अंडे खरीदने के बजाय अपने घर पर ही ताजे अंडे मिल सकते हैं। लोगों को ‘रेंट द चिकन’ का आइडिया काफी पसंद आ रहा है। कई किराएदारों को इससे इतना लगाव होने लगता है कि छह महीने की अवधि खत्म होने के बाद वे मुर्गियों को वापस करने के बजाय उन्हें अपने पास रखना पसंद करते हैं। इस सेवा से लोगों को न सिर्फ अंडों की समस्या से निजात मिल रही है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और टिकाऊ विकल्प भी बन रहा है।

ये भी पढ़ें: सांप का जहर का टेस्ट क्या आपको पता है कैसा होता है? इस शख्स ने बताया स्वाद