Holi 2025: वृंदावन की फूलों की होली…भारत के इन राज्यों में अनोखे तरीकों से खेला जाता रंगों का त्योहार

होली रंगों का त्योहार है और पूरे भारत में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन उससे भी बढ़कर, होली सिर्फ रंगों का प्रतीक नहीं है बल्कि अनोखी परंपराओं और उत्सवों का भी प्रतीक है। जी हाँ, होली भारत के अलग-अलग हिस्सों में अपने खास तरीके से मनाई जाती है और इसे अलग-अलग नामों से भी मनाया जाता है, जैसे बरसाना की लट्ठमार होली, वृन्दावन की फूलों की होली, हरियाणा की धुलंडी होली और पंजाब का होला मोहल्ला। आइए, जानते हैं भारत के विभिन्न राज्यों में होली किस तरिके से खेला जाता है।

ब्रज की होली

ब्रज की होली को विशेष महत्व दिया गया है। लट्ठमार होली विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के बरसाना और नंदगांव में मनाई जाती है, जो भगवान श्री कृष्ण और राधा की प्रेम कहानी से प्रेरित है। इस होली के दौरान महिलाएं पुरुषों पर लाठियों से हमला करती हैं, जबकि पुरुष खुद को बचाने के लिए ढाल का इस्तेमाल करते हैं। पहले बरसाना की महिलाओं ने नंदगांव के पुरुषों को लाठियों से पीटा और अगले दिन नंदगांव की महिलाओं ने बरसाना के पुरुषों को लाठियों से पीटा। यह एक अनोखी परंपरा है, जो क्षेत्रीय त्योहारों का अभिन्न अंग बन गई है।

मथुरा में फूलों की होली

फूलों की होली विशेष रूप से मथुरा और वृन्दावन में मनाई जाती है, जहाँ भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ था। यहां रंगों की जगह फूलों की बारिश होती है। बांके बिहारी मंदिर में यह होली भगवान कृष्ण और राधा की पूजा के साथ मनाई जाती है। भक्त भगवान को फूल चढ़ाते हैं और गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी जाहिर करते हैं।

हरियाणा में धुलंडी होली

हरियाणा के कुछ ग्रामीण इलाकों में धुलंडी होली का विशेष महत्व है, जिसे भाभी-देवर की होली भी कहा जाता है। इस मौके पर शादीशुदा महिलाएं हंसी-मजाक करती हैं और अपने देवरों को चिढ़ाती हैं। यह होली हंसी-मजाक और प्रेम का प्रतीक है, जिसमें रंग और गुलाल का प्रमुख स्थान है।

पंजाब की होला मोहल्ला होली

पंजाब में सिख समुदाय द्वारा मनाई जाने वाली होली “होला मोहल्ला” के नाम से प्रसिद्ध है। यह त्यौहार साहस, शौर्य और वीरता का प्रतीक है, जिसमें घुड़सवारी, तलवारबाजी और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया जाता है। इसका भव्य उत्सव पंजाब के आनंदपुर साहिब में देखा जा सकता है, जिसे गुरु गोबिंद सिंह जी ने सिख योद्धाओं के प्रशिक्षण के लिए शुरू किया था।

राजस्थान में होली

राजस्थान में होली बहुत ही अनोखे और अद्भुत तरीके से मनाई जाती है। गेर नृत्य और डोलची होली विशेष रूप से राजस्थान के जयपुर, उदयपुर और बीकानेर में मनाई जाती है। जयपुर और उदयपुर में लोग पारंपरिक कपड़े पहनते हैं और ढोल की थाप पर नृत्य करते हैं।