नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) इस समय पंजाब प्रांत के रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। वह यहां जेल में दूसरी बार रोजा रख रहे हैं। वह अन्य कैदियों की तरह हर रोज सेहरी और इफ्तारी भी कर रहे हैं। इमरान खान के यहां बंद होने के कारण जेल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस बार रमजान के बाद इमरान खान ने सरकार के खिलाफ सीधे बिगुल फूंकने का भी ऐलान किया है। वह जेल से लगातार पत्र लिख रहे हैं। इमरान ने रविवार को अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों को पत्र लिखा था। इस पत्र में उन्होंने पाकिस्तान में लोकतंत्र बचाने की मांग की थी।
रोजा रखते थे
इमरान खान जब देश के प्रधानमंत्री थे, तब भी वह रोजा रखते थे। इस दौरान वह रमजान और रोजे को लेकर खुलकर बात करते थे। इमरान खान ने बताया था कि जब वह क्रिकेट खेलते थे, तब भी वह रोजा नहीं छोड़ते थे। इसके अलावा राजनीति में आने के बाद भी उन्होंने कभी रोजा नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया था कि रोजा को लेकर उनकी योजना अलग है। इमरान खान ने पिछली बार भी जेल में रोजा रखा था। इस बार भी वह अदियाला जेल में रोजा रख रहे हैं। इमरान खान ने हाल ही में एक्सप्रेस ट्रिब्यून को एक इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि इफ्तारी से एक घंटा पहले वह एक्सरसाइज करते हैं। एक्सरसाइज करने के बाद वह इफ्तारी करते हैं और फिर ध्यान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान खुद को फिट रखने के लिए वह तेल-मसाले से बने व्यंजनों से दूर रहते हैं।
इफ्तारी-सेहरी का मेन्यू जारी किया
वह इस समय जितना हो सके उतना पानी पीते हैं, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के जेल अधीक्षक ने इफ्तारी और सेहरी का मेन्यू जारी किया है। इस मेन्यू के मुताबिक जेल में कैदियों को दो तरह का खाना दिया जाएगा। एक स्पेशल और एक रेगुलर खाना है। सेहरी के समय कैदियों को खजूर, शरबत, चाय और खाना दिया जा रहा है। वहीं सामान्य खाने में अंडे के साथ चावल, दाल, सब्जी और अचार शामिल है। पूरे रमजान के दौरान कैदियों को 4 दिन चिकन और 3 दिन मटन दिया जाएगा। वहीं इमरान खान के लिए अलग से खाना बनेगा। जेल में यह फैसला इमरान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
ये भी पढ़ें: आकाश आनंद की निकली हेकड़ी, इस CM ने सपा का खोला राज, अखिलेश यादव को आखों की हुई समस्या!