Bihar Politics: बिहार विधानसभा सभा चुनाव की तैयारी में सभी पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। बिहार में शुक्रवार 28 फरवरी से ‘विधानसभा बजट सत्र’ शुरू हो रहा है। सत्र के पहले ‘नीतीश कैबिनेट’ में विस्तार की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच मुलाकात में कैबिनेट विस्तार पर सहमति बनी है। संभावना है कि भाजपा से तीन और जेडीयू कोटे से दो मंत्रियों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। कुछ विधायकों को मंत्रिमंडल से हटाया भी जा सकता है।

अभी बिहार कैबिनेट में 30 मंत्री अब हो सकते हैं 35
बता दें कि बिहार कैबिनेट में 35 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की संख्या 30 है। 5 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में भाजपा से 15 मंत्री हैं। जदयू की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 13 मंत्री हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को एक पद मिला हुआ है। हम प्रमुख संतोष मांझी स्वयं दो विभाग के मंत्री हैं। एक निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह भी मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की जगह कैबिनेट में दूसरे चेहरे को जगह मिल सकती है।
जेपी नड्डा और नीतीश के बीच मुलाकात में बनी सहमति
बता दें कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा 2 दिवसीय बिहार दौरे पर आए हुए थे। जेपी नड्डा ने मंगलवार को राजकीय अतिथिशाला में इस मसले पर पार्टी नेताओं के साथ चर्चा भी की थी। नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच मुलाकात हुई। दोनों के बीच काफी देर बातचीत के बाद कैबिनेट विस्तार की सहमति बनी। बता दें कि 30 सदस्यीय बिहार मंत्रिमंडल में भाजपा से 2 उपमुख्यमंत्री सहित कुल 15 मंत्री हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से सहमति मिलती है तो गुरुवार को कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।
बीजेपी प्रभारी विनोद तावडे रवाना होंगे आज दिल्ली
बिहार बीजेपी के प्रभारी विनोद तावडे बुधवार को दिल्ली रवाना होने वाले हैं। माना जा रहा है कि स्थानीय नेतृत्व की तरफ से संभावित मंत्रियों की जो लिस्ट दी जाएगी, उस पर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से सहमति मिलेगी। उसके बाद ही कैबिनेट विस्तार होगा। बता दें कि बिहार में 28 फरवरी से बजट सत्र की शुरुआत होगी और 28 मार्च तक चलेगा। सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी।