Bihar Politics: आज पीएम मोदी का चुनावी दौरा बिहार के भागलपुर में होने वाला है। PM मोदी के इस दौरे से बिहार में सियासत पूरी तरह से गरम है। NDA और RJD एक दूसरे पर आरोप– प्रत्यारोप का लगाने से नहीं चूक रहे हैं। PM मोदी के बिहार दौरे पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तंज कसते हुए कहा आज बिहार में झूठ और जुमलों की बरसात होगी। चुनावी वर्ष है इसलिए लोगों को भ्रमित करने के लिए केंद्र की देशभर की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन अब दिखावटी रूप से बिहार से होगा लेकिन बिहार को कुछ नहीं मिलेगा, ना ये देंगे।

तेजस्वी यादव ने कहा फिर जनता को धोखा देने आ रहे हैं PM
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि PM मोदी झूठे वादा करने के बिहार आ रहे हैं। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार में चुनाव होने वाले हैं। इस साल बिहार में चुनाव होंगे। मैंने कहा था कि दिल्ली चुनाव के बाद सब लोग बिहार की ओर बढ़ेंगे। यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री आ रहे हैं। लेकिन जब वह आते हैं, तो वह झूठे वादे करते हैं, बिहार के लोगों को धोखा देते हैं। किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया है। वह कहते थे कि वह किसानों की आय दोगुनी करेंगे। मुद्रास्फीति ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। बिहार को बजट में धोखा दिया गया है।
बिहार की जनता को भ्रमित करेंगे PM मोदी– तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने PM मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार ने एनडीए को 20 साल तक दो-इंजन की सरकार चलाने का मौका दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 साल से केंद्र में हैं। नीतीश कुमार 20 साल से मुख्यमंत्री हैं। साक्षरता, प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति निवेश के मामले में बिहार सबसे नीचे है। किसानों की आय के मामले में भी बिहार सबसे नीचे है। बेरोजगारी, पलायन, गरीबी में बिहार नंबर एक है। बिहार में किसानों की समस्या अन्य राज्यों की समस्या से ज्यादा है। बिहार में किसान मर रहे हैं। इनलोगों ने किसानों के कुछ नहीं किया। इन सब चीजों की इन्हें परवाह नहीं है। इन्हें बस वोट से मतलब है। इन्हें बिहारियों से मतलब नहीं है। बिहार आएंगे तो लिट्टी चोखा खाएंगे। मधुबनी पेंटिंग देखेंगे। 11 साल से आप प्रधानमंत्री हैं लेकिन अब तक बिहार को विशेष पैकेज नहीं दिया है। वह केवल जनता को भ्रमित करने आ रहे हैं।