नई दिल्ली: मुस्तफाबाद से भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट (Mohan Singh Bisht) दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर होंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार (27 फरवरी) को विधानसभा में प्रस्ताव पेश करेंगी। सोमवार को विजेंद्र गुप्ता को स्पीकर चुना गया था। तभी से डिप्टी स्पीकर को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। अब भाजपा ने वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन सिंह बिष्ट के नाम पर मुहर लगा दी है। 21 फरवरी को जब बिष्ट से डिप्टी स्पीकर बनाए जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी ने अभी मुझे आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है, जो भी जिम्मेदारी मिलेगी मैं उसे पूरा करूंगा।
पहली बार विधायक बने थे
पार्टी जो भी आदेश देगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा। विधानसभा में मोहन सिंह बिष्ट सबसे वरिष्ठ विधायक हैं। बिष्ट अरविंद केजरीवाल की लहर में भी चुनाव जीत चुके हैं। वह 1998 में करावल नगर से पहली बार विधायक बने थे। उसके बाद वह 2003, 2008, 2013 और 2020 में लगातार इसी सीट से चुने गए। इस बार पार्टी ने उनकी सीट बदल दी और उन्हें मुस्तफाबाद से उम्मीदवार बनाया। बिष्ट ने इस पर नाराजगी भी जताई थी।
कपिल मिश्रा को टिकट दिया
इस बार भाजपा ने करावल नगर सीट से कपिल मिश्रा को टिकट दिया। जीत के बाद मिश्रा रेखा गुप्ता सरकार में मंत्री बने। 2015 के विधानसभा चुनाव में कपिल मिश्रा ने आप के टिकट पर करावल नगर से चुनाव लड़ा और मोहन सिंह बिष्ट को हराया। बाद में कपिल मिश्रा भाजपा में शामिल हो गए। इस चुनाव में मोहन सिंह बिष्ट को 85,215 वोट मिले। यहां आप उम्मीदवार आदिल अहमद खान को 67,637 वोट, एआईएमआईएम के ताहिर हुसैन को 33,474 वोट और कांग्रेस के अली मेहंदी को 11,763 वोट मिले।
ये भी पढ़ें: Bangladesh: यूनुस खरीदने जा रहे ऐसा कुछ… क्या फिर से दिखने वाला है तबाही का मंजर?