नॉनवेज खाने को लेकर हुआ विवाद, तानाशाही रवैया अपनाया, महिला सुरक्षा पर उठा गंभीर सवाल

नई दिल्ली:  दिल्ली के साउथ एशियन यूनिवर्सिटी (SAU) में महाशिवरात्रि पर नॉनवेज खाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मेस में हंगामा किया। आरोप है कि मेस प्रतिनिधि यशदा के साथ भी बदसलूकी की गई। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने एबीवीपी सदस्यों पर गंभीर सवाल उठाए। एबीवीपी ने सफाई दी कि छात्र मेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। किसी के साथ मारपीट नहीं की गई। बुधवार को लंच के समय मेस में नॉनवेज परोसे जाने पर एबीवीपी और एसएफआई आमने-सामने आ गए।

मछली परोसी गई थी

एबीवीपी का कहना है कि मेस में मछली परोसी गई थी। हालांकि, पहले से तय था कि खाना सात्विक होगा। छात्रों ने बताया कि एबीवीपी सदस्यों ने मेस स्टाफ से नॉनवेज हटाने की मांग की। आरोप है कि मेस प्रतिनिधि यशदा के बाल खींचे गए। एसएफआई ने कहा कि एबीवीपी सदस्यों ने यूनिवर्सिटी में तानाशाही रवैया अपनाया। मेस स्टाफ से महाशिवरात्रि पर नॉनवेज न परोसने को कहा गया। विरोध करने पर एबीवीपी सदस्यों ने छात्रों की पिटाई की। नॉनवेज को लेकर मचे बवाल के बीच छात्राओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। परास्नातक की छात्रा वरेण्या ने कहा, मेस में हर बुधवार को मछली बनती है।

जांच के आदेश दे दिए गए

सात्विक भोजन की भी अलग से व्यवस्था थी। एबीवीपी के सदस्यों ने जबरदस्ती हंगामा किया। उन्होंने मेस से नॉनवेज हटाने की मांग की। एक अन्य छात्रा मधु ने कहा कि यशदा निर्वाचित मेस प्रतिनिधि हैं। निर्वाचित प्रतिनिधि की पिटाई गलत है। उन्होंने कहा कि यह घटना महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एबीवीपी ने प्रॉक्टर को लिखित शिकायत दी है। वहीं, मेस प्रतिनिधि यशदा व अन्य छात्राओं ने भी शिकायत दर्ज कराई बताई जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की पहचान की जाएगी। फिलहाल नॉनवेज विवाद के बाद परिसर का माहौल शांतिपूर्ण है। कक्षाएं समय पर लग रही हैं।

ये भी पढ़ें: Gas Leak in Jaipur: CNG हुआ लीक, चारों-तरफ मचा हड़कंप, छात्र-छात्राएं बेहोश