मुंंबई: महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस (CM Devendra Fadnavis) को एक बार फिर धमकी मिली है। इस बार मुंबई में मुख्यमंत्री कार्यालय पर बम से हमला करने की धमकी वाला एक व्हाट्सएप मैसेज मिला है। इस व्हाट्सएप मैसेज ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सएप पर एक पाकिस्तानी नंबर से एक धमकी भरा मैसेज मिला, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय पर हमले की चेतावनी दी गई है।
अलर्ट जारी कर जांच शुरू कर दी
इस मैसेज को भेजने वाले ने अपना नाम मलिक शाहबाज हुमायूं राजा देव बताया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अलर्ट जारी कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस व्हाट्सएप मैसेज की लोकेशन की जांच कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुरक्षा विभाग को पाकिस्तान से आए व्हाट्सएप मैसेज के बारे में जानकारी दे दी गई है। महाराष्ट्र पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने व्हाट्सएप मैसेज धमकी मामले की संयुक्त जांच शुरू कर दी है।
ईमेल के जरिए दी गई थी
बता दें, इससे पहले भी महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन समेत कई सरकारी संस्थानों को भेजे गए ईमेल के जरिए दी गई थी। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लिया गया और उसने कथित तौर पर ईमेल भेजने की बात कबूल की। इस मामले में आईटी एक्ट और सार्वजनिक शरारत समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे ने इस नेता की लगाई वाट, धोखा देने का खुला राज, हिंदू धर्म पर उठा सवाल!