लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नाबालिग दलित लड़की (Dalit Girl) से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। अब सलमान के परिवार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को फंसाया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं लड़की के परिवार ने यहां तक कह दिया है कि पुलिस ने पहले उनकी बिल्कुल भी मदद नहीं की।
सजा की मांग की
मामला भगतपुर इलाके का है। मुरादाबाद में दूसरे समुदाय के चार युवकों पर 14 साल की लड़की से दो महीने तक गैंगरेप और प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मौसी के मुताबिक आरोपियों ने लड़की के हाथ पर बने ‘ओम’ के टैटू को तेजाब से जला दिया। लड़की ने जब कुछ खाने को मांगा तो उसे जबरन मांस खिला दिया। लड़की के परिवार ने चारों आरोपियों के खिलाफ फांसी की सजा की मांग की है। गैंगरेप और प्रताड़ित करने का आरोप उसी गांव के रहने वाले सलमान, जुबैर, राशिद और आरिफ पर लगाया गया है। परिवार ने बताया कि नाबालिग 2 जनवरी से लापता थी और 2 मार्च को घर लौटी थी। उन्होंने कहा- हम नाबालिग को खोजने के लिए कई जगह गए, रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस की तरफ से कोई मदद नहीं की गई।
फंसाया जा रहा
पहली शिकायत 3 जनवरी को की गई थी, जिसके बाद दूसरी शिकायत 25 फरवरी को दी गई। परिवार का कहना है कि लड़की 2 मार्च को वापस लौटी। उधर, आरोपी सलमान के चाचा ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते सलमान को फंसाया जा रहा है। दो साल पहले होली के दिन सलमान की कार का एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद उसका लड़की के परिजनों से झगड़ा हो गया था। दो महीने पहले लड़की लापता हो गई थी। तब से सलमान घर पर ही रह रहा था। फिलहाल भगतपुर पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि सलमान के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। उसके परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। अन्य तीन आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव का खोला सच, इस नेता के पढ़ें कसीदे, जानें यहां खुशनसीब का नाम