नई दिल्लीः भारत के अधिकतर इलाकों में अब तापमान में गिरावट के साथ-साथ सर्दी का प्रकोप शुरू हो गया है, जिससे लोगों की कंपकंपी भी बंधने लगी है। उत्तर भारत के पहाड़ी हिस्सों में तो बर्फबारी का दौर जारी रहने से तापमान काफी नीचे पहुंच गया है।
इतना ही नहीं हिमालयन इलाकों में तो सुबह बूंदाबांदी होने से लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। देश के कुछ हिस्सों में देर रात बारिश होने से एक बार फिर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
पूर्वोत्तर राज्यों के कई इलाकों में बारिश ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया। दक्षिण भारत के कई इलाकों में सुबह-सुबह गरज के साथ बारिश हुई। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी है।
इन हिस्सों में होगी भारी बारिश
आईएमडी के अनुसार, देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी है। इतना ही नहीं अगले 5 दिन खराब मौसम रहने का अुनमान लगाया गया है। बिहार झारखंड के कुछ क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के नवमी और दशमी के दिन बिजली की चमक और गरज के साथ भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यहां, तेज हवा के साथ आंधी तूफान का भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा 25 अक्टूबर तक नागालैंड, मणिपुर में त्रिपुरा में बिजली की चमक और गरज के साथ झमाझम बारिश होने की उम्मीद जताई है। बिहार झारखंड में भी दुर्गा पूजा में बारिश देखने को मिल सकती है।
इसके साथ ही आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। आगामी 5 दिन अन्य हिस्से में मौसम में कोई बदलाव नहीं होने वाला है। सुबह और शाम हल्के कोहरे की एंट्री रह सकती है। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की कमी रिकॉर्ड की गई है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
48 घंटे यहां होंगे आफत भरे
आईएमडी के अनुसार, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार दीप समूह में बादलों की गरज के साथ भारी बारिश होने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की उम्मीद जताई है।
सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पश्चिम हिमालय में झमाझम बारिश होने की उम्मीद जताई है। हिमाचल, उत्तराखंड सहित लेह लद्दाख, गिलगित, जम्मू कश्मीर के पर्वतीय इलाकों पर तेज बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।