नई दिल्लीः पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी के चलते मैदानी हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है, जिससे लोगों को मुसीबतों को सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती सर्दी से हालात इतने बदतर हो गए हैं कि लोगों ने अब गर्म कपड़े और अलाव जलाना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का सितम अब कम होता दिख रहा है, जिसके चलते धुंध और धुएं की गुबार भी छंटने लगी हैं। दक्षिणी भारत के कई राज्यों में गरज के साथ भारी बारिश देखने को मिल रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- जानिए किन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश
आईएमडी के मुताबिक, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में बर्फबारी होने के साथ तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। पहाड़ी राज्यों में बीते कुछ दिनों से छिटपुट बर्फबारी और बारिश से पारा में काफी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
- यहां होगी कड़ाके ठंड और बारिश
उत्तर भारत के पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी का असर मैदानी हिस्सों में देखने को मिल रहा है। मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। दिल्ली-एनसीआर के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में सर्दी बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
वहीं, इतना ही नहीं उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती क्षेत्र बनने की उम्मीद जताई गई है। आईएमडी के अनुसार, आगामी 4 से 5 दिनों में ओडिशा के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में गरज के साथ झमाझम बारिश होने की उम्मीद लगाई जा रही है।