मुंबई इंडियंस को भले ही इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन अमेरिका में मुंबई की टीम को चैंपियन बनने से कोई भी रोक नहीं सका। अमेरिका में पहली बार ओयोजित टी-20 लीग मेजर लीग क्रिकेट के पहले सीज़न को एमआई न्यूयॉर्क टीम ने अपने नाम कर लिया है, जिसके बाद उसके फैंस की ख़ुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।
मुंबई का बजा डंका
पहले सीजन में एमआई न्यूयॉर्क ने सीटर ओर्कस को 7 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए शानदार जीत हासिल कर ली। इस जीत में कप्तान निकोलस पूरन का काफी बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने 55 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 137 रन बनाकर अकेले अपने दम पर टीम को एकतरफा जीत दिला दी।
आपको बता दें कि इस जीत के साथ ही मुंबई की फ्रेंचाइजी ने दुनिया में 9वां खिताब अपने नाम किया और दुनिया में अपनी अलग छाप छोड़ी। एमआई न्यूयॉर्क की जीत के बाद ट्विटर पर फैंस अपनी टीम की तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं। पूरे ट्विटर पर एम आई न्यूयॉर्क के फैंस की बधाइयों की बौछारें हो रही हैं।
दरअसल, आईपीएल की सफल टीम मुंबई इंडियंस ने कुल 5 बार खिताब पर अपना कब्ज़ा जमाया है। साल 2011 में मुंबई की फ्रेंचाइजी ने चैंपियंस लीग टी 20 का खिताब जीतकर पूरे विश्व को अपनी शक्ति का एहसास करवाया था। इसके बाद साल 2013 में चैंपियंस लीग टी 20 और आईपीएल 2013 की ट्रॉफी को जीतकर अपने इस सिलसिले को बरकरार रखा था। साल 2015 के बाद फिर से मुंबई इंडियंस की टीम साल 2017 में IPL चैंपियन टीम बनी थी। इसके बाद साल 2019 और साल 2020 में लगातार 2 बार मुंबई इंडियंस की टीम ने आईपीएल की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया था। फिर महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन यानी 2023 में भी मुंबई इंडियंस ने इस खिताब को अपने नाम किया था और अब अमेरिका में भी इस टीम ने अपना डंका बजाया है।