इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीज़न में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलने वाले रिंकू सिंह को एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। अलीगढ़ के रहने वाले इस बल्लेबाज़ ने साल 2023 में खेले गए आईपीएल सीज़न 16 में शानदार बल्लेबाज़ी की थी और उनके इसी फॉर्म को मद्दे नज़र रखते हुए उन्हें टीम इंडिया का हिस्सा बनाया गया है। अब रिंकू सिंह ने बताया कि जब वह पहली बार भारत की जर्सी पहनेंगे तब उनकी आँखों में आंसू आ जाएंगे।
भावुक हो जाएंगे रिंकू
रिंकू सिंह ने आईपीएल 2023 में 5 गेंदों में लगातार 5 छक्के जड़कर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा वह अपनी टीम के लिए इस सीज़न एक लाजवाब फिनिशर भी साबित हुए थे। वहीं अब उन्होंने ‘RevSportz’ से बातचीत के दौरान बताया कि क्यों पहली बार भारत की जर्सी पहनते ही उनकी आँखों में आंसू आ जाएंगे। रिंकू ने कहा कि वह बहुत मज़बूत हैं, लेकिन थोड़े भावुक भी। उन्हें उम्मीद है कि जब वह पहली बार इंडियन जर्सी पहनेंगे तब उनकी आंखों में आंसू आ जाएंगे। वह यहां तक बहुत मुश्किल से पहुंचे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हर कोई टीम इंडिया के लिए खेलने और उस जर्सी को पहनने का सपना देखता है। वह भविष्य के बारे में ज़्यादा नहीं सोचते हैं क्योंकि उनका मानना है कि जितना ज़्यादा कोई भविष्य के बारे में सोचता है, उतना ही वह ख़ुद पर भार डालता जाता है। वह ज़िंदगी को एक वक़्त में, एक दिन के रूप में लेते हैं। उनके अनुसार, जो भी पेशेवर खेल खेलता है वह एक न एक दिन अपने देश की तरफ से ज़रूर खेलना चाहता है।
रिंकू ने अपने परिवार के बारे में बात करते हुए कहा कि वह जानते हैं कि उनका परिवार, उनके माता-पिता उन्हें भारतीय जर्सी पहने हुए देखकर उनसे ज्यादा खुश होंगे। वो लोग इसके लिए सालों से इंतज़ार कर रहे हैं। उन्होंने उनका संघर्ष देखा है, उन्होंने उनकी मदद की है, उनके हर उतार चढ़ाव में उनके साथ रहे। जिस दिन रिंकू जर्सी पहनेंगे, उस दिन को वह अपने परिवार को समर्पित करेंगे।