नई दिल्ली: ICC वनडे विश्व कप 2023 की शुरुआत होने से पहले चोटिल खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसमें श्रीलंका की टीम के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा का नाम भी शामिल हो चुका है। लंका प्रीमियर लीग के साल 2023 सीजन के अंत में चोटिल होने के बाद से श्रीलंकाई टीम से बाहर चल रहे हसरंगा की विश्व कप 2023 में हर किसी को वापसी की उम्मीद थी। अब हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण वह मेगा इवेंट में नहीं खेल पाएंगे।
बाहर हुए वानिंदु हसरंगा
श्रीलंका की टीम ने अब तक अपने वनडे विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा नहीं की है। श्रीलंकाई टीम के पास 28 सितंबर तक का समय बाक़ी है ऐसे में हसरंगा का रिप्लेसमेंट ढूंढना टीम मैनेजमेंट के लिए मुश्किल काम बन चुका है। वानिंदु हसरंगा ने श्रीलंका की टीम को विश्व कप 2023 में क्वालीफाई कराने में गेंद से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
भारतीय परिस्थिति में वानिंदु हसरंगा श्रीलंका की टीम के लिए गेंद और बल्ले दोनों से एक अहम खिलाड़ी साबित हो सकते थे। अब उनके बाहर हो जाने के बाद श्रीलंकाई टीम की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। हसरंगा को फिलहाल ग्रेड-3 हैम्सट्रिंग इंजरी से गुज़रना पड़ रहा है। श्रीलंका की टीम विश्व कप 2023 में हिस्सा लेने के लिए 26 सितंबर को भारत के लिए उड़ान भर सकती है।
वानिंदु हसरंगा के अलावा इस समय श्रीलंका की टीम के कुछ अन्य प्रमुख खिलाड़ी भी चोटिल हैं। इसमें एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के विरूद्ध मुकाबले में चोटिल होने वाले स्पिन गेंदबाज़ महेश तीक्षणा भी शामिल हैं। इसके अलावा दुष्मांता चामीरा और लाहिरू कुमारा भी फिलहाल अनफिट चल रहे हैं, जिनकी फिटनेस रिपोर्ट पर श्रीलंका बोर्ड की नजरें बनी हुई हैं।